35.1 C
Delhi
गुरूवार, मई 2, 2024
Recommended By- BEdigitech

ओमिक्रॉन के देश में 33 मामले, राजधानी में सामने आया नया केस, महाराष्ट्र में 17 लोग संक्रमित, मुंबई में 2 के लिए धारा 144 लागू!

नई दिल्ली: राजधानी में शनिवार यानी 11 दिसंबर को ओमिक्रॉन का एक नया मामला सामने आया है। वहीं देश में अब कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है। साथ ही महाराष्ट्र में शुक्रवार को 7 नए लोगों में ओमिक्रॉन संक्रमण मिला। इनमें 3 मुंबई और पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ जिले में 4 नए ओमिक्रॉन संक्रमित मिले हैं। यहां एक 3 साल की बच्ची में भी ओमिक्रॉन संक्रमण मिला है।

खबरों के मुताबिक, बच्ची नाइजीरिया से आई ओमिक्रॉन संक्रमित महिला के संपर्क में आई थी। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य है और उसमें मामूली लक्षण हैं। बच्ची को उसकी मां और परिवार के कुछ और संक्रमित सदस्यों के साथ पिंपरी चिंचवाड़ के जीजामाता हॉस्पिटल के स्पेशल कोविड वार्ड में रखा गया है। इससे पहले इसी परिवार के 6 लोग ओमिक्रॉन संक्रमित हुए थे। जिसमें महिला का भाई और उसकी दो बेटियां शामिल थीं। महिला के संपर्क में आने वाले 22 कोरोना संक्रमित मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग करवाई गई थी। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार शाम को सामने आई है।

महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के 17 मामले

देश में सबसे ज्यादा ‘ओमिक्रॉन’ इन्फेक्टेड मरीज अब महाराष्ट्र में ही हैं। अब राज्य में ‘ओमिक्रॉन’ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। अभी भी 30 से ज्यादा संदिग्ध मरीजों की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट आनी बाकी है। मुंबई में संक्रमण के बढ़ते खतरे को देखते हुए अगले दो दिनों के लिए धारा 144 लगा दी गई है।

Advertisement

मुंबई में 2 दिन के लिए लगी धारा 144

मुंबई में ‘ओमिक्रॉन’ के बढ़ते खतरे को देखते हुए शनिवार और रविवार को पूरे शहर में 144 लगा दी गई है। इस दौरान बड़ी सभाओं, रैलियों और विरोध मार्चों पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस उपायुक्त (संचालन) द्वारा जारी आदेश शनिवार से शुरू होकर सोमवार सुबह 6 बजे तक जारी रहेगा।

धारावी में मिला कोरोना के नए वैरिएंट से संक्रमित

शुक्रवार को मुंबई से मिले तीन नए मरीज तंजानिया, UK और दक्षिण अफ्रीका के नैरोबी से आए थे। ये क्रमशः 48, 25 और 37 वर्ष की आयु के पुरुष हैं। इसे लेकर मुंबई में ओमिक्रॉन रोगियों की संख्या 5 हो गई है।

‘ओमिक्रॉन’ को लेकर सबसे चिंताजनक बात यह है कि नए संक्रमितों में एशिया की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती यानी धारावी का रहने वाला एक शख्स भी शामिल है। 48 वर्षीय यह शख्स के मस्जिद का मौलाना है और तंजानिया से यहां आया था। जानकारी के मुताबिक, इसने वैक्सीन की कोई डोज नहीं ली थी।

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 1 दिसंबर से अब तक 61,439 अंतरराष्ट्रीय यात्री मुंबई, पुणे और नागपुर हवाई अड्डों से राज्य में पहुंचे हैं। इनमें से 9,678 ‘जोखिम वाले’ देशों से आए थे।

Related Articles

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Latest Articles