30.6 C
Delhi
शनिवार, अप्रैल 20, 2024
Recommended By- BEdigitech

राहुल गांधी ने गोवा में मछुआरों के एक समूह से की बात कहा, ‘भाजपा नफरत फैलाती है जबकि कांग्रेस प्यार बांटने में रखती है विश्वास’

उत्तर प्रदेश में जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी विधानसभा चुनाव 2022 का मोर्चा संभाल रखा है, वहीं राहुल गांधी फिलहाल गोवा में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में गौता लगा रहे है। गोवा दौरे पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी ने बीते शनिवार को अपने एक बयान में कहा कि भाजपा गुस्सा, नफरत और विभाजन फैलाने में विश्वास रखती है, जबकि कांग्रेस प्यार फैलाती है और लोगों को जोड़ती है।
राहुल गांधी ने दक्षिण गोवा के वेलसाओ गांव में मछुआरों के एक समूह के साथ बातचीत करते हुए कहा कि, मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि कांग्रेस और भाजपा के बीच क्या अंतर है। कांग्रेस पूरे भारत के लोगों को एकजुट करने और उन्हें एक साथ आगे ले जाने में विश्वास करती है। हमारे लिए प्रत्येक भारतीय व्यक्ति को वह स्थान दिए जाने का अधिकार है जिसकी उसे आवश्यकता है।
राहुल गांधी ने कहा कि, भाजपा की नफरत के प्रति हमारी प्रतिक्रिया प्यार और स्नेह है। इसलिए जहां भी वे क्रोध, विभाजन फैलाते हैं, हम प्यार और स्नेह फैलाते हैं और हम लोगों को एकजुट करते हैं। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के लिए कांग्रेस पार्टी को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। जब यूपीए सरकार सत्ता में थी तो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल की कीमतें 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई थीं। जब हम सत्ता में थे, उसकी अपेक्षा आज अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल की कीमत और डीजल की कीमत बहुत कम है।
राहुल गांधी ने जनता की जेब पर पड़ रही पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर आगे कहा कि, लेकिन आप अपने पेट्रोल और डीजल के लिए बहुत अधिक भुगतान कर रहे हैं। आपको यह समझना चाहिए कि आज भारत पेट्रोल पर सबसे ज्यादा टैक्स लगाता है। यह दुनिया में सबसे ज्यादा है और इसलिए आप पेट्रोल के लिए अधिक कीमत चुका रहे हैं। ऐसा नहीं है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल इतना महंगा है। दरअसल भारत में पेट्रोल इतना महंगा है।
राहुल गांधी ने कहा कि, आपको खुद से पूछना होगा कि वह पैसा कहां जा रहा है, वह पैसा किसके पास जा रहा है और यहां बनने वाले कोल हब से, पेट्रोल की कीमतों से किन लोगों को फायदा हो रहा है। और अगर आप ध्यान से देखें तो आप पाएंगे कि वे वही दो, तीन, चार या पांच व्यवसायी हैं, जो इन सब चीजों से लाभान्वित हो रहे हैं।

Related Articles

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Latest Articles