26.1 C
Delhi
रविवार, अप्रैल 28, 2024
Recommended By- BEdigitech

यूपी विधानसभा चुनाव: लखीमपुर खीरी घटना पर विपक्ष के हमलों के बीच सामने आए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, कहा हम राजनीति में लूटने या किसी को फार्च्यूनर से कुचलने के लिए नहीं आए है!

बीते 3 अक्टूबर को लखीमपुर खीरी की हिंसा में चार किसानों की मौत के बाद से लगातार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को किसानों, विपक्ष और जनता से खूब खरी खोटी सुनने को मिल रही है। यहां तक की इस घटना के बाद से भाजपा नेताओं का बाहर तक निकलना भारी हो चुका है।
ऐसे में उत्तर प्रदेश के केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय कुमार मिश्रा के बेटे आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी के बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह सफाई के लिए सामने आए। लखीमपुर खीरी घटना में मौजूदा स्थिति को देखते हुए स्वतंत्र देव सिंह भाजपा कार्यकर्ताओं को नसीहत देते नजर आए।
दरअसल, लखनऊ के साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक का उद्घाटन था, इस दौरान सत्र को संबोधित करते हुए स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि, ‘‘हम राजनीति में लूटने के लिए नहीं आए हैं और न ही किसी को फार्च्यूनर से कुचलने के लिए आए हैं।’’ स्वतंत्र देव सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि, ‘‘वोट आपके व्यवहार से मिलेगा, आप जिस मोहल्ले में रहते हैं, वहां दस लोग आपकी प्रशंसा करते हैं तो मेरा सीना चौड़ा हो जाएगा, ये नहीं कि जिस मोहल्ले में रहते हैं लोग आपकी शक्ल देखकर छिप जाएं। आपको देखकर जनता मुंह न फेरे ऐसा आचरण कीजिए।’’
बता दें कि, लखीमपुर खीरी घटना को लेकर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत कई विपक्षी दल भाजपा पर आक्रामक हैं। इन स्थिति को देखकर भाजपा समझ चुकी है कि यह घटना आगामी चुनाव में भाजपा के लिए एक बड़ी मुसीबत बन सकती है। इसी के बीच स्वतंत्र देव सिंह का यह बयान सामने आया है।

विपक्ष लगातार हमलावर

लखीमपुर खीरी घटना को अपना हथियार बनाते हुए कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी ने बीते रविवार को ही वाराणसी में किसान न्याय रैली को संबोधित किया था, प्रियंका गांधी ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा पर हमलावर होते हुए कहा था कि, ‘‘हम डरने वाले लोग नहीं हैं, हम गांधी को मानने वाले कांग्रेस के लोग हैं, हम तब तक चुप नहीं बैठने वाले जब तक ‘हत्यारे’ केंद्रीय मंत्री की बर्खास्तगी नहीं होती है, आपको हमें मारना है मारिए, जेल में डालिए, लेकिन हम पीछे नहीं हटेंगे।’’
वहीं, सहारनपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्रीय गृह राज्य मंत्री पर निशाना साधते हुए कहा था कि, ‘‘भाजपा ने किसानों को कुचला, साथ ही कानून को भी कुचला गया अब संविधान को भी कुचलने की तैयारी है।’’
इसपर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी बीते रविवार को एक ट्वीट किया और कहा कि, ‘‘लखीमपुर खीरी जघन्य कांड में केंद्रीय मंत्री (अजय मिश्रा) के बेटे का नाम सुर्खियों में आना भाजपा सरकार की कार्यशैली पर अनेक सवाल खड़े करता है। ऐसे में भाजपा अपने मंत्री से खुद ही इस्तीफा ले तभी वहां पीड़ित किसानों को कुछ न्याय की उम्मीद हो सकती है। बसपा की यह मांग है।’’

Advertisement

Related Articles

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Latest Articles